विश्व एड्स दिवस पर सरकाघाट आईटीआई और नगर परिषद में लोगों को किया जागरूक, रोकथाम की शपथ दिलाई

WhatsApp Channel Join Now
विश्व एड्स दिवस पर सरकाघाट आईटीआई और नगर परिषद में लोगों को किया जागरूक, रोकथाम की शपथ दिलाई


मंडी, ०1 दिसंबर (हि.स.)। विश्व एड्स दिवस पर सोमवार को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सरकाघाट संजीव कुमार के निर्देशानुसार क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। वैश्विक थीम व्यवधान पर विजय, एड्स प्रत्युत्तर में सुधार' के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक किया और समय पर जांच व सुरक्षित व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। आईटीआई मौंही और नगर परिषद सरकाघाट में आयोजित कार्यक्रमों में काउंसलर सोनू ने युवाओं और स्थानीय नागरिकों को एचआईवी संक्रमण के कारण, रोकथाम, जांच प्रक्रिया और उपलब्ध उपचार के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आज भी जागरूकता की कमी के कारण कई लोग समय पर एचआईवी टेस्ट नहीं करा पाते, जिससे संक्रमण देर से पकड़ में आता है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को रोकथाम और जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सुरक्षित यौन व्यवहार अपनाने, रक्तदान या रक्त चढ़वाते समय सावधानी बरतने तथा किसी भी संदेह की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में एचआईवी जांच कराने पर ज़ोर दिया गया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी के माध्यम से एचआईवी नियंत्रित किया जा सकता है और समय पर उपचार लेने वाले व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। वहीं, समाज में मौजूद मिथकों और भेदभाव को दूर करने की भी अपील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story