एआई के जिम्मेदार उपयोग और फर्जी कंटेंट की पहचान पर हिन्द एजुकेशन की विशेष कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
एआई के जिम्मेदार उपयोग और फर्जी कंटेंट की पहचान पर हिन्द एजुकेशन की विशेष कार्यशाला


शिमला, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिन्द एजुकेशन द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव, इसके व्यावहारिक उपयोग तथा सोशल मीडिया पर इसके जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को एआई की कार्यप्रणाली, संभावनाओं तथा इससे जुड़े डिजिटल खतरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायल लोक संपर्क अधिकारी अजय बन्याल ने सोशल मीडिया पर एआई के माध्यम से तैयार किए जा रहे भ्रामक एवं गुमराह करने वाले कंटेंट को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एआई की मदद से फोटो, वीडियो, आवाज और अन्य डिजिटल सामग्री को इस तरह तैयार किया जा सकता है कि वास्तविक और कृत्रिम सामग्री में अंतर करना कई बार मुश्किल हो जाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को फर्जी एवं भ्रामक सामग्री की पहचान करने, उसकी सत्यता जांचने तथा बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करने के उपाय बताए।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता अध्यक्ष एवं एआई विभाग, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रो. (डॉ.) मनु सूद ने एआई के तकनीकी पक्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सरल एवं रोचक तरीके से समझाया कि एआई मॉडल किस प्रकार विकसित किए जाते हैं, उन्हें डेटा कैसे उपलब्ध कराया जाता है और किस प्रक्रिया के माध्यम से मॉडल को प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने एआई की कार्यप्रणाली, वर्तमान संभावनाओं तथा भविष्य में इसके बढ़ते प्रभाव पर भी जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में हिन्द एजुकेशन के अध्यक्ष अनुज पन्त ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एआई केवल तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, मीडिया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों को प्रभावित करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति बन चुका है। ऐसे में युवाओं को एआई के सकारात्मक, सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में महीधर प्रसाद, हिमाचल प्रान्त अभिलेखागार एवं विचार प्रबोधन प्रमुख, तथा अनिल भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा अजय सूद, माननीय संघचालक, जिला शिमला; जगदीश, शिमला जिला कार्यवाह; अभिषेक, प्रचारक; अनिल गर्ग; उधम; सुनील ग्रोवर तथा अंग्रेज कपूर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story