लोकसभा की 543 सीटों पर महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करे केंद्र सरकार : सुरभि वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा की 543 सीटों पर महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करे केंद्र सरकार : सुरभि वर्मा


शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिला कांग्रेस ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। संगठन की प्रदेश प्रभारी सुरभि वर्मा ने बुधवार को शिमला में प्रेस वार्ता में कहा कि साल 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन बिल अब तक लागू नहीं किया गया है और सरकार इस मुद्दे पर महिलाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मामले में कांग्रेस ने कभी बाधा नहीं डाली, लेकिन मौजूदा सरकार इसे टाल रही है।

महिला कांग्रेस ने मांग की है कि लोकसभा की सभी 543 सीटों पर तुरंत 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए। सुरभि वर्मा ने कहा कि सरकार ने इस बिल को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर लटका दिया है, जिससे महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय बताया।

इस मुद्दे को लेकर महिला कांग्रेस ने बुधवार को अपने कार्यालय में ही धरना प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन का कहना है कि वे इस मुद्दे को गांव-गांव तक लेकर जाएंगे और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें।

सुरभि वर्मा ने यह भी कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद शिमला में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। महिला कांग्रेस का कहना है कि जब तक महिला आरक्षण को लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story