महिला आरक्षण पर कांग्रेस का दोहरा रवैया उजागर : रश्मि धर सूद

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण पर कांग्रेस का दोहरा रवैया उजागर : रश्मि धर सूद


शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। महिला कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि धर सूद ने महिला कांग्रेस प्रभारी सुरभि वर्मा के बयान को लेकर कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

रश्मि धर सूद ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीति कर रही है। उनका कहना है कि जिस कांग्रेस ने पहले संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया, वही अब महिलाओं के अधिकारों की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस की नीयत साफ होती तो वह 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का समर्थन करती, लेकिन उसने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के बजाय इसे रोकने की कोशिश की।

बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि वह महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती रही है और पार्टी में आम महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि बीजेपी में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए हैं।

रश्मि धर सूद ने महिला कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस की प्रतिक्रिया उसकी राजनीतिक बेचैनी को दिखाती है। उनका कहना है कि बीजेपी महिला मोर्चा के कार्यक्रमों और महिला भागीदारी से कांग्रेस घबराई हुई है, इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनता, खासकर महिलाएं, अब राजनीतिक दलों के दावों को समझती हैं और आने वाले समय में इसका असर चुनावों में दिखाई देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story