राज्यपाल ने शिमला में ‘विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन’ का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने शिमला में ‘विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन’ का किया शुभारंभ


शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार काे शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में ट्रैवल एंड टूरिज्म बाजार, कोलकाता द्वारा आयोजित विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस प्रकार की प्रदर्शनियां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, नए अवसर तलाशने तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पक्षों के बीच साझेदारी को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष की प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘यात्रा एवं पर्यटन उद्योग में सतत विकास का महत्व’ अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के कारण वनों, नदियों, जल स्रोतों और पर्वतों पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन के माध्यम से पर्यटकों को स्वच्छ एवं समृद्ध अनुभव मिलना चाहिए ताकि इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर सृजित हो सकें तथा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी संरक्षित रखा जा सके।

राज्यपाल ने प्रदर्शनी के आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इस वर्ष गोवा की उल्लेखनीय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश और गोवा को अपने अनुभवों एवं विचारों का आदान-प्रदान करने तथा पर्यटन के नए अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और साहसिक पर्यटन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। यहां के पर्वत, नदियां, झीलें, वन, ऐतिहासिक स्थल और विशिष्ट स्थानीय जीवनशैली पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन रोजगार, उद्यमिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसी पहल भी स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने की भावना को प्रतिबिंबित करती हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रदर्शनी पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को एक मंच पर लाएगी, नए विचारों और साझेदारियों को प्रोत्साहित करेगी तथा हिमाचल प्रदेश को एक जिम्मेदार, सत्त और गुणवत्तापूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story