शीतकालीन सत्र के दौरान 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रदर्शन करेंगे प्राथमिक शिक्षक

WhatsApp Channel Join Now
शीतकालीन सत्र के दौरान 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रदर्शन करेंगे प्राथमिक शिक्षक


शिमला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपनी मांगों को लेकर 15 नवंबर को धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संघ के अनुसार इस प्रदर्शन में करीब 30 हजार शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, जेबीटी और एनटीटी प्रशिक्षित बेरोजगार, मिड-डे मील वर्कर, एमटीडब्ल्यू, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह प्रदर्शन विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान किया जाएगा।

संघ का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शन के लिए 15 नवंबर की तारीख तय की गई है। शीतकालीन पाठशालाओं में दिसंबर में वार्षिक परीक्षाएं होनी हैं। संघ ने इससे पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को अपनी मांगों से जुड़ा मांग-पत्र सौंपने का भी निर्णय लिया है।

शिक्षकों का क्रमिक अनशन शनिवार को 98वें दिन भी स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला में जारी रहा। इस दौरान जिला हमीरपुर के पीटीएफ ब्लॉक नादौन के पदाधिकारियों ने अनशन में भाग लिया। इनमें पीटीएफ हमीरपुर के महासचिव कुशल कुमार शर्मा, ब्लॉक नादौन के अध्यक्ष राकेश कुमार, महासचिव सज्जन और प्रवक्ता रोविन शर्मा शामिल रहे। संघ ने बताया कि नादौन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गृह और विधानसभा क्षेत्र है।

संघ के अनुसार आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिमला पहुंचने से हुई थी। 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना दिया गया। दो अक्तूबर से शिक्षकों ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य शुरू किया। तीन अक्तूबर से मिड-डे मील वर्कर और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। संघ का दावा है कि आंदोलन को कुल 113 दिन हो चुके हैं।

संघ ने बताया कि 23 अक्तूबर को स्कूल शिक्षा निदेशक के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। संघ का कहना है कि यह आंदोलन महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के अनुरूप शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। न्यायोचित मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story