शिमला विंटर कार्निवाल अब संजौली-कसुम्पटी में भी सजेगा, 25 से 31 दिसंबर तक होंगे कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
शिमला विंटर कार्निवाल अब संजौली-कसुम्पटी में भी सजेगा, 25 से 31 दिसंबर तक होंगे कार्यक्रम


शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। क्रिसमस और नए साल के जश्न के बीच इस बार शिमला विंटर कार्निवाल का दायरा बढ़ाया जाएगा। 25 से 31 दिसंबर तक होने वाले इस आयोजन में अब मालरोड और रिज के साथ संजौली और कसुम्पटी को भी शामिल किया जाएगा। नगर निगम ने कार्निवाल को अधिक व्यापक बनाने और शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि आयोजन के माध्यम से पर्यटकों के मनोरंजन के साथ स्थानीय कारोबार और कलाकारों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

विंटर कार्निवाल की तैयारियों को लेकर महापौर ने सोमवार को नगर निगम आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें पिछले साल के आयोजन से मिले अनुभवों और सामने आई कमियों की समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को इस बार बेहतर प्रबंधन के लिए जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कसुम्पटी में एसडीए कॉम्प्लेक्स की पार्किंग के ऊपरी फ्लोर पर स्टॉल लगाए जाएंगे और विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं, संजौली ग्राउंड में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्थानीय कलाकारों को मंच पर मिलेगा अधिक समय

महापौर के अनुसार इस बार हिमाचल प्रदेश और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों के कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें मंच पर पहले से अधिक समय देने की योजना है। बॉलीवुड और पंजाबी कलाकारों को आमंत्रित करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर लोगों की पसंद और आयोजन के बजट को ध्यान में रखते हुए कलाकारों का चयन किया जाएगा।

स्टॉल आवंटन और कार्यक्रमों के प्रबंधन पर चर्चा

बैठक में कार्निवाल के लिए धन जुटाने, स्टॉल और दुकानों के आवंटन, महानाटी और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन पर भी चर्चा हुई। महापौर ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ अलग से बैठक की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम के कर्मचारियों और पार्षदों की समितियां गठित कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

नगर निगम का मानना है कि कार्निवाल को संजौली और कसुम्पटी तक ले जाने से इन क्षेत्रों के स्थानीय लोगों और कारोबारियों को भी आयोजन से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे पर्यटकों की गतिविधियां शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचेंगी और स्थानीय स्तर पर कारोबार को बढ़ावा मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story