सिरमौर में 80.44 करोड़ में बिके 83 शराब ठेके
नाहन, 07 मार्च (हि.स.)।
जिला सिरमौर की 9 यूनिट्स के तहत आने वाली 83 शराब की दुकानों की नीलामी प्रकिया इस बार ऑनलाइन (ई-ऑक्शन) के माध्यम से पूरी हो गई है। जिला की इन यूनिट्स का कुल रिजर्व प्राइस 80.06 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया था, जो 80.44 करोड़ में ऑक्शन हुईं। लिहाजा सरकार को रिजर्व प्राइस से केवल 38 लाख रुपए ही अधिक राजस्व प्राप्त हो पाया।
नाहन यूनिट को एलआरएस कंपनी (लेखराम, रमेश कुमार और संजय कुमार) ने अपने नाम किया। इस यूनिट का रिजर्व प्राइस 8.37 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 8.38 करोड़ में नीलाम हुआ।कालाअंब यूनिट महिंदर सिंह और तेज सिंह (पार्टनर हिमालयन वाइन) ने अपने नाम की। इसका रिजर्व प्राइस 5.99 करोड़ था, जो 31 लाख की बढ़त के साथ 6.30 करोड़ में ऑक्शन हुआ। ददाहू यूनिट किशोरी लाल और दिनेश कुमार (पार्टनर हिमालयन वाइन) ने अपने नाम की। इसका रिजर्व प्राइस 7.96 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 7.97 करोड़ में ऑक्शन हुआ।
राजगढ़ यूनिट भी किशोरी लाल और दिनेश कुमार (पार्टनर हिमालयन वाइन) ने ली। इसका रिजर्व प्राइस 9.72 करोड़ था और इसमें रिजर्व प्राइस से ऊपर कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। यह यूनिट रिजर्व प्राइस पर ही नीलाम हुई। नैनाटिक्कर यूनिट भी किशोरी लाल और दिनेश कुमार (पार्टनर हिमालयन वाइन) के नाम रही। इसका रिजर्व प्राइस 8.90 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 8.91 करोड़ में ऑक्शन हुआ।
खजूरना बहराल यूनिट किशोरी लाल और दिनेश कुमार (पार्टनर हिमालय वाइन) ने ली। इसका रिजर्व प्राइस 11.20 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 11.21 करोड़ में ऑनलाइन नीलाम हुआ। बद्रीनगर शिलाई यूनिट एलआरसएस कंपनी (लेखराम, रमेश कुमार और संजय कुमार) ने अपने नाम की। इसका रिजर्व प्राइस 11.83 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 11.84 करोड़ में नीलाम हुआ।
खोदरी माजरी यूनिट एलआरएस कंपनी ने अपने नाम की। इस यूनिट का रिजर्व प्राइस 7.69 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 7.70 करोड़ में नीलाम हुआ।पांवटा साहिब यूनिट भी एलआरएस कंपनी ने अपने नाम की। इसका रिजर्व प्राइस 8.36 करोड़ था, जो 1 लाख की बढ़त के साथ 8.37 करोड़ में नीलाम हुआ।
जिला सिरमौर आबकारी विभाग के कार्यवाहक उप आयुक्त हिमांशु पंवार ने बताया कि रिजर्व प्राइस से ऊपर 38 लाख रुपए अधिक में जिला सिरमौर की 9 यूनिट्स की ऑनलाइन ऑक्शन हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

