पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस पर हिमाचल लोकभवन में हुआ ‘मिलन कार्यक्रम’

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस पर हिमाचल लोकभवन में हुआ ‘मिलन कार्यक्रम’


शिमला, 20 जून (हि.स.)। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत शनिवार को शिमला स्थित हिमाचल लोकभवन में पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस के अवसर पर ‘मिलन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश में रह रहे पश्चिम बंगाल के नागरिकों ने भाग लिया और अपने राज्य की संस्कृति, परंपराओं और विरासत से जुड़ी जानकारियां साझा कीं।

इस अवसर पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों का पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और देश के विकास में उसके योगदान की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि लोकभवन में विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले ‘मिलन कार्यक्रम’ देश की विविधता में एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अलग-अलग राज्यों के लोगों को एक मंच पर लाते हैं और उन्हें अपनेपन का एहसास कराते हैं, जिससे घर से दूर रहने वाले लोगों को भी अपने घर जैसा वातावरण मिलता है।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच आपसी समझ बढ़ाना, भाषाई और सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करना तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। राज्यपाल ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है, लेकिन इसके साथ-साथ प्रत्येक राज्य की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना और आगे बढ़ाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए इन मूल्यों और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विशेषताओं, परंपराओं और सामाजिक जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए तथा राज्यपाल के साथ संवाद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story