सिरमौर में गर्मी के बीच आग से निपटने की तैयारी, 53 जल टैंकर चिन्हित
नाहन, 25 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गर्म मौसम की दस्तक के साथ ही वनों और ग्रामीण इलाकों में आग लगने के मामले बढ़ने की संभावना रहती है, ऐसे में आपात स्थिति में पानी की कमी एक बड़ी चुनौती बन जाती है।
इसी समस्या से निपटने के लिए जल शक्ति विभाग सिरमौर ने जिले में 53 जल भंडारण टैंकों को चिन्हित किया है, जिनका उपयोग आग लगने की स्थिति में अग्निशमन विभाग कर सकेगा। इन टैंकों का उद्देश्य खास तौर पर उन क्षेत्रों में पानी उपलब्ध कराना है, जहां तुरंत जल आपूर्ति करना मुश्किल होता है।
अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी खंडों में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इन टैंकों का इस्तेमाल तुरंत किया जा सके। इसके साथ ही इन टैंकों की सूची उपायुक्त सिरमौर और होम गार्ड्स को भी भेज दी गई है, ताकि समन्वय बनाकर समय पर कार्रवाई की जा सके।
पिछले साल भी जिले में आग लगने के कई मामले सामने आए थे और इस साल भी ऐसी घटनाएं शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में विभाग की यह पहल आग से होने वाले नुकसान को कम करने में मददगार साबित हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

