सोलन शहर में पेयजल समस्याओं का जल्द होगा निदान
सोलन, 06 मई (हि.स.)। सोलन शहर में इन दिनों पेयजल आपूर्ति सुचारू ना होने के कारण जनता को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । प्रति वार्ड में 3 से 4 दिन के अंतर में पानी की आपूर्ति की जा रही है । इसी सम्बन्ध में बुधवार को जल शक्ति विभाग ने सफाई पेश करते हुए जन समस्याओं का शीघ्र निदान करने की बात कही है । जल शक्ति विभाग सोलन के सहायक अभियंता ए.एस. ठाकुर ने कहा कि सोलन शहर को वर्तमान में गिरी उठाऊ जलापूर्ति तथा अश्वनी खड्ड जलापूर्ति योजना के माध्यम से जल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग निरंतर यह प्रयास कर रहा है कि सोलन शहर में नियमित जलापूर्ति होती रहे।
ए.एस. ठाकुर ने कहा कि इन दोनों योजनाओं से सोलन शहर को प्रतिदिन औसतन 82.69 लाख लीटर पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। गत 34 दिनों में सोलन शहर को इन दोनों योजनाओं से 2811.40 लाख लीटर पेयजल उपलब्ध हुआ है।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा स्थापित पंपिंग प्रणाली की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसी व्यवधान की स्थिति में इन्हें तुरंत ठीक किया जा सके। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति में समस्या की शिकायत मिलने पर इनका शीघ्र निदान किया जा रहा है।
सहायक अभियंता ने कहा कि गत 30 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित होने व तकनीकी व्यवधान के कारण पंपिंग प्रभावित होने से जलापूर्ति अस्थाई रूप से प्रभावित हुई थी। शेष समय में जलापूर्ति नियमित रखने के पूर्ण प्रयास किए गए हैं। ए.एस. ठाकुर ने लोगों से आग्रह किया कि जलापूर्ति के सम्बन्ध में सही तथ्यों पर ध्यान दें और परेशानी की स्थिति में विभाग को अवगत करवाएं ताकि समस्या को शीघ्र सुलझाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

