शिमला : निर्माण कार्य के दौरान मलबा गिरा, मजदूर की मौके पर मौत

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 20 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग थाना अंतर्गत धमानधरी–जघोड़ा मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा गुरूवार शाम उस समय हुआ, जब मौके पर डंगे (रिटेनिंग वॉल) का काम चल रहा था। सूचना मिलने के बाद फागू पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 52 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की तहसील बेहट के गांव बड़ी माजरी का रहने वाला था और पिछले दो दिनों से अन्य मजदूरों के साथ यहां काम कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को मजदूर लोहे की प्लेटें और शटरिंग का सामान रख रहे थे। इसी दौरान करीब 12 से 15 फुट की ऊंचाई से अचानक भारी मलबा नीचे आ गिरा। मलबा गिरते ही वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। दो मजदूर दाहिनी ओर भागकर बच निकले, लेकिन मुकेश कुमार बाईं ओर भागा और मलबे की चपेट में आ गया।

साथी मजदूरों ने तुरंत उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। प्राथमिक जांच में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गई हैं। पुलिस के अनुसार उसकी दाहिनी भुजा शरीर से अलग मिली, जबकि दोनों टांगों में भी गंभीर चोटें और फ्रैक्चर के निशान मिले हैं। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ठियोग भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story