नशे के खिलाफ मैराथन के नाम पर बच्चों को रैलियों में शामिल करना कितना उचित : प्रो. अनुपमा सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ मैराथन के नाम पर बच्चों को रैलियों में शामिल करना कितना उचित : प्रो. अनुपमा सिंह


मंडी, 13 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को नारे नहीं, भविष्य चाहिए

शिक्षाविद एवं समाजसेविका प्रो. अनुपमा सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाना समय की आवश्यकता है और समाज का हर वर्ग इस लड़ाई में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। लेकिन सवाल यह है कि क्या इस अभियान के नाम पर स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित करना और उन्हें रैलियों में शामिल करना क्या उचित है।

उन्होंने कहा कि आज हमारे बच्चे, जिन्हें कक्षाओं में बैठकर शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए और अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए, उन्हें रैलियों में शामिल किया जा रहा है। यदि शैक्षणिक संस्थानों पर बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने का दबाव बनाया जा रहा है, तो यह गंभीर विषय है। सत्तारूढ़ दल द्वारा प्रशासनिक मशीनरी और शैक्षणिक संस्थानों के कथित राजनीतिक उपयोग पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। यह स्थिति मुझे विश्व प्रसिद्ध कहानी द पाइड पाइपर ऑफ हैमलिन की याद दिलाती है। इस कहानी में एक बाँसुरीवाला अपनी धुन से शहर के बच्चों को अपने पीछे चलने के लिए आकर्षित करता है और अंततः उन्हें एक पहाड़ के भीतर ले जाकर गायब कर देता है। यह कहानी अंधानुकरण के खतरों की याद दिलाती है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने लगभग 900 करोड़ रुपए के स्टार्टअप फंड और युवाओं को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। लेकिन इस फंड की वास्तविक स्थिति, आवंटन, वितरण और लाभार्थियों का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। कितने युवाओं को इसका लाभ मिला है और कितने युवा आज भी सहायता की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल मैराथन और नारों से नहीं जीती जा सकती। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल मैराथन, नारों और रैलियों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए नशे के अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को तोड़ना, सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखना, नशे की सप्लाई चेन और वित्तीय स्रोतों पर प्रहार करना तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story