आईटीआई मंडी में एचआईवी एडस् एवं नशा मुक्ति जागरूकता वॉकाथॉन रैली आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
आईटीआई मंडी में एचआईवी एडस् एवं नशा मुक्ति जागरूकता वॉकाथॉन रैली आयोजित


मंडी, 26 अगस्त (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ग्रेड-ए, मंडी के रैड रिबन क्लब द्वारा 26 अगस्त 2026 को एचआईवी एडस्, नशा मुक्ति तथा अवैध नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति प्रशिक्षणार्थियों एवं आम जनता में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वॉकाथॉन रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से एचआईवी एडस् के कारणों, बचाव एवं रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नशे की लत और अवैध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में संदेश दिया गया।

रैली में प्रशिक्षणार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने पोस्टर एवं बैनर लेकर भाग लिया, जिन पर एचआईवी एडस् से बचाव, नशे के विरुद्ध जागरूकता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से संबंधित संदेश एवं नारे प्रदर्शित किए गए। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने, नशीले पदार्थों से दूर रहने, जिम्मेदार व्यवहार करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

वॉकाथॉन रैली में प्रशिक्षणार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मंडी ने स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story