विश्वकर्मी विकास सभा बल्ह इकाई के युवा मोर्चा का सर्वसम्मति से गठन
मंडी, 31 अगस्त (हि.स.)। विश्वकर्मी विकास सभा बल्ह इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक गलमा रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वकर्मी बल्ह इकाई के अध्यक्ष महंतराम ने की। बैठक में महामंत्री ठाकुरदास, वरिष्ठ उपप्रधान मुंशी राम, मुख्य कानूनी सलाहकार राजेंद्र , कृष्ण चंद , देवकीनंदन, सुदर्शन चौहान, हरि सिंह एवं मस्तराम सहित बल्ह इकाई की कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभा के संस्थापक सदस्य मोहनलाल कौडल एवं धर्मचंद भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभा के पदाधिकारियों एवं संस्थापक सदस्यों ने उपस्थित युवाओं का मार्गदर्शन किया। इसके उपरांत विश्वकर्मी विकास सभा बल्ह इकाई के युवा मोर्चा का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। जिसमें दुर्गादास शास्त्री को युवा अध्यक्ष, कमल देव को महासचिव, ललित कुमार को वित्तसचिव तथा जीतू भारद्वाज एवं विशाल को वरिष्ठ उपप्रधान चुना गया। नवनिर्वाचित युवा अध्यक्ष दुर्गादास शास्त्री ने सभा की कार्यकारिणी, अध्यक्ष, संस्थापक सदस्यों एवं सभी युवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के प्रति समर्पण भाव से कार्य करेंगे।
उन्होंने विश्वकर्मी समाज को एकजुट करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का विश्वास दिलाया।
उन्होंने कहा कि विश्वकर्मी समाज को एक मजबूत मंच पर लाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा समाज के विकास एवं उत्थान के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

