भजनों की स्वर लहरियों पर झूमे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
भजनों की स्वर लहरियों पर झूमे श्रद्धालु


मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। विश्व जागृति मिशन मंडी मंडल का मासिक सत्संग एवं संकीर्तन कार्यक्रम रविवार को हिमाचल धाम आश्रम गागल में हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की भारी संख्या में संगत ने शिरकत कर गुरु महिमा का गुणगान कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंडल के प्रधान डॉ. प्रवीण कपिला ने गणपति एवं सरस्वती वंदना के साथ किया। इसके पश्चात उन्होंने ओम नमः शिवाय भजन की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को शिवमयी बना दिया। उन्होंने गुरु मेरी पूजा गुरु गोविंद, राम का सुमिरन किया करो', हर रात कट रही तेरा नाम जपते जपते,'इक बार तो गुरु मेरे सत्संग में आईए', थोड़ा ध्यान लगा गुरुवर दौड़े चले आएंगे तथा तू मैनो चंगा लगदा जैसे एक से बढ़कर एक भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

भजनों के माध्यम से डॉ. कपिला ने उपस्थित संगत को जीवन में उत्तम संस्कारों और प्रभु भक्ति की सही विधि का महत्व समझाया, ताकि मनुष्य जीवन व्यर्थ न जाए। इसी क्रम में गायक दलीप सैनी ने नन्हा सा फूल हूं मैं चरणों की धूल हूं मैं भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

सत्संग के उत्तरार्ध में सामूहिक रूप से ओम का उच्चारण एवं स्वाध्याय किया गया। तत्पश्चात गुरु मंत्र का जाप करते हुए गुरु प्रतिमा के समक्ष महाआरती उतारी गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मौजूद सभी भक्तों ने गुरु चरणों में नमन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story