विश्व जागृति मिशन मंडी मंडल की कार्यकारिणी का गठन, प्रो. प्रवीण कपिला बने प्रधान
मंडी, 05 अप्रैल (हि.स.)। विश्व जागृति मिशन मंडी मंडल का मासिक सत्संग एवं नई कार्यकारिणी के गठन के लिए एक विशेष बैठक रविवार को हिमाचल धाम आश्रम गागल में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में धार्मिक भजनों की प्रस्तुति के साथ-साथ सर्वसम्मति से संगठन का विस्तार किया। सत्संग का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रो. प्रवीण कपिला ने प्रस्तुत भजनों से हुआ।
उन्होंने हरि शरणम हरि शरणम श्री हरि शरणम, गुरु देव दया करके मुझको अपना लेना और मुझे अपना जीवन बनाना न आया जैसे भक्तिपूर्ण भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात दलीप सैनी ने दरबार में सतगुरु के दुख-दर्द मिटाए जाते है भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के मध्य में स्वाध्याय और ओम के उच्चारण के बाद गुरु प्रतिमा के समक्ष आरती की गई।
सत्संग के उपरांत सुरेश राणा की अध्यक्षता में चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें सर्वसम्मति से प्रो. प्रवीण कपिला को मंडी मंडल के प्रधान पद की कमान सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने हस्ताक्षर कर नई कार्यकारिणी पर अपनी सहमति जताई। नवनिर्वाचित प्रधान प्रो. कपिला जल्द ही अपनी आगामी कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों के नामों की घोषणा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर भारी संख्या में मिशन से जुड़े सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

