सिरमौर में नई ग्राम पंचायत बनने पर समारोह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सिक्कों से तोला
नाहन, 15 मार्च (हि.स.)। सिरमौर जिला में नई ग्राम पंचायत के गठन को लेकर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। जिला के नवगठित ग्राम पंचायत कुफर केंथु में ग्रामीणों की ओर से आभार और अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और उन्होंने नई पंचायत के गठन पर खुशी जताई।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और रेणुका जी से विधायक विनय कुमार का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सिक्कों से तौलकर सम्मानित किया और पंचायत के गठन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनय कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत कुफर केंथु का गठन क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने इस मांग को पूरा कर दिया है, जिससे इलाके के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने इसके लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि नई पंचायत बनने से लोगों को कई प्रशासनिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी। पहले कई कामों के लिए ग्रामीणों को दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब पंचायत स्तर पर ही कई सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विनय कुमार ने कहा कि नई पंचायत बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नई ग्राम पंचायत बनने से क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान भी जल्दी हो सकेगा। समारोह में ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए अपने जनप्रतिनिधि के प्रति आभार व्यक्त किया और पंचायत के गठन को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

