श्री रेणुका जी से शुरू हुआ कांग्रेस का ‘पंच परमेश्वर सम्मेलन’ अभियान, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
श्री रेणुका जी से शुरू हुआ कांग्रेस का ‘पंच परमेश्वर सम्मेलन’ अभियान, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प


नाहन, 23 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से ‘पंच परमेश्वर सम्मेलन’ अभियान की शुरुआत श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से की गई। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार जी ने अपने विधानसभा क्षेत्र से इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ करते हुए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में नई ऊर्जा का संचार किया।

पंच परमेश्वर’ के तहत संगठन की पांच महत्वपूर्ण कड़ियों ब्लॉक अध्यक्ष, ज़ोन अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं पृष्ठ प्रभारी को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिन्ह हाथ का पंजा है और इसी संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए कांग्रेस का संदेश घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की नब्ज टटोलेगी, उनकी समस्याओं, सुझावों और क्षेत्रीय मुद्दों को समझेगी तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत मंथन किया गया।

इस अवसर पर विनय कुमार ने कहा कि मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और जनता से सीधा संवाद ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के बीच लगातार उपस्थित रहकर उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story