मंडी में मनाया 1965 की भारत पाकिस्तान युद्ध का विजय दिवस
मंडी, 23 सितंबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान के बीच 1965 की लड़ाई का विजय दिवस बुधवार को मंडी में मनाया गया। हर साल 23 सितंबर को भारत, इस युद्ध के विजय दिवस के रूप में मनाता है । यह आयोजन ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, युद्ध सेवा मेडल, अध्यक्ष, जिला पूर्व सैनिक लीग मंडी, के मार्गदर्शन में इस विजय दिवस का भव्य समारोह, संकेत गार्डन, इंदिरा मार्केट, वीर योद्धा स्मारक पर आयोजित किया गया । समारोह के मुख्य अतिथि, कर्नल एम के मड्याल रहे, जिन्होंने खुद इस युद्ध में हिस्सा लिया था । समारोह का शुभारंभ, राष्ट्र सुरक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले, वीर योद्धाओं को श्रद्धा सुमन अर्पण करने और 2 मिनट के मौन के साथ शुरू हुआ।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना, दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना है और भारत की जनता और पवित्र भारत भूमि, उसके हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि हम कोई भी ऐसा काम ना करें, जिससे उस सेना की, पवित्र वर्दी पर कोई दाग लगे, अपने ‘‘वीर योद्धाओं, उनके शौर्य और बलिदान को कभी ना भूलें और हम इस परंपरा को अगली जेनरेशन तक पहुंचाने का पुण्य काम करें ।
मुख्य अतिथि ने इस युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए तीन योद्धाओं की वीर नारियों, धर्मी देवी पत्नी वीर योद्धा, सिपाही नारायण सिंह, डोगरा रेजीमेंट, कारणी देवी, पत्नी वीर योद्धा हेमसिंह, डोगरा रेजीमेंट और इस युद्ध में भाग लेने वाले हवलदार भूमि सिंह आठ डोगरा बटालियन तथा एक सर्विंग हवलदार गंगा राम जो 8 ग्रेनेडिर से हैं को भी सम्मानित किया। समारोह का संचालन ऑनरेरी कैप्टन, हेतराम शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा ऑनरेरी कैप्टन, वीर सिंह गुलेरिया, महासचिव, जिला लीग मंडी, ने किया। इस समारोह मे अधिकारी,जेसीओ और अदर रैंक शामिल हुए । इस भव्य समारोह का समापन राष्ट्रगान और भारत माता के जोश भरे, छोटी काशी के आसमान को चीरते हुए जयकारे के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

