सिरमौर में  गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरुम में छात्राओं के वीडियो बनाने पर बवाल, आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now


नाहन, 22 मई (हि.स.)। बडू साहिब स्थित एटरनल विश्वविद्यालय से सुरक्षा में एक बेहद शर्मनाक और गंभीर चूक का मामला सामने आया है। मेस के खाने में कीड़े मिलने के पुराने विवाद के बाद अब सीधे तौर पर छात्राओं की प्राइवेसी और सुरक्षा दांव पर लग गई है। गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम में एक सफाई कर्मी द्वारा कथित तौर पर छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस हरकत का पता चलते ही हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया और छात्राओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा खोल दिया।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सफाई कर्मी की पहचान झारखंड निवासी छेदन साहू के रूप में हुई है। वॉशरूम में वीडियो बनाए जाने की भनक लगते ही छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी ने खुद को फंसता देख अपने मोबाइल से वीडियो डिलीट कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और मौके से रफूचक्कर होने की फिराक में था। लेकिन सजग छात्राओं ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को भागने से पहले ही दबोच लिया और जमकर सबक सिखाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। कैंपस में इस बात को लेकर गहरा खौफ और आक्रोश है कि कहीं डिलीट होने से पहले ये वीडियो किसी और को फॉरवर्ड न कर दिए गए हों।

हॉस्टल में मचे बवाल के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद करीब ढाई घंटे तक प्रबंधन आनन-फानन में बैठकें कर मामले को अंदरूनी स्तर पर ही शांत करने की कोशिश करता रहा। लेकिन जब छात्राओं का विरोध उग्र हो गया और बात हाथ से निकलती दिखी, तब जाकर शुक्रवार दोपहर पच्छाद पुलिस को इसकी आधिकारिक सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां तैनात मजदूरों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए हैं ताकि टेक्निकल फॉरेंसिक जांच की जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैदी से जांच में जुट गई है। राजगढ़ के डीएसपी विद्या चंद नेगी ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मोबाइल को कब्जे में लेकर गहनता से तफ्तीश की जा रही है कि कोई वीडियो आगे शेयर तो नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story