रेणुका जी में पिकअप पलटने से एक मजदूर की मौत, 4 घायल

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 11 सितंबर (हि.स.)। पुलिस थाना रेणुका जी के अंतर्गत सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत और 4 लोगों के घायल होने का मामला दर्ज हुआ है।

जानकारी के अनुसार थाना रेणुका जी में मनीष निवासी गांव कठवार, डाक उदैना कठवार, तहसील कमरऊ ने मामला दर्ज करवाया कि 10 सितंबर को कपिल की टाइलों की दुकान, जो पुलिस थाना के नजदीक है, से पिकअप नंबर HP71-4757 में टाइलें लोड कर खदाल में उतारनी थी, जिसके लिए तीन मजदूरों मुकेश, सनिया राम व सुखदेव को बुलाया गया था। इन तीनों ने पिकअप में टाइलें लोड की और अनलोड करने के लिए पिकअप की बॉडी में बैठ गए। वह स्वयं भी चालक मनोज कुमार के साथ आगे बैठ गया।

सुबह करीब 10:30 बजे जब चालक मनोज कुमार उक्त पिकअप को लेकर खदाल बाईरी नाला के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार के कारण वह पिकअप की गति को कंट्रोल नहीं कर पाया और पिकअप सड़क से बाहर बाईं तरफ पलट गई।

इस हादसे में सनिया राम निवासी जामु-कोटि की मौत हो गई तथा अन्य सभी लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस थाना रेणुका जी में चालक मनोज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story