राजगढ़ में शराब से भरी पिकअप अचानक लुढ़की, ठेके के सामने बिखरी पेटियां

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 27 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ शहर में शुक्रवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब देसी शराब से लदी एक पिकअप गाड़ी (एचपी 16ए-5511) अचानक अनियंत्रित होकर शराब ठेके के पास लुढ़क गई। गाड़ी पलटते ही उसमें लदी शराब की पेटियां ठेके के सामने और सड़क पर बिखर गईं, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय अहाते में मौजूद लोगों को किसी तरह की चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां देसी शराब का ठेका और उससे जुड़ा मंजूरशुदा अहाता संचालित है। हादसे के वक्त अहाते के अंदर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप गाड़ी शराब की खेप लेकर राजगढ़ ठेके से लोड होकर गिरिपुल की ओर जा रही थी। इसी दौरान खड़ी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर ठेके के सामने निचली तरफ लुढ़क गई। हादसे में करीब 60 देसी शराब की पेटियां टूटकर सड़क पर बिखर गईं, जिन्हें बाद में कर्मचारियों ने समेट लिया।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज कुलवंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने वाहन और शराब की खेप की जांच की, जिसमें कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story