वेदांत कुटीर से निकली भव्य शोभायात्रा, शहर की गलियां भगवा ध्वजों और शंखध्वनि से गुंजायमान
मंडी, 17 अप्रैल (हि.स.)। देव भूमि छोटी काशी मंडी शहर में शुक्रवार को जगद्गुरु भगवान आदि शंकराचार्य की जयंती महोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ। वेदांत कुटीर मंडी में आयोजित इस पांच दिवसीय उत्सव के प्रथम दिन शहर की गलियां भगवा ध्वजों और शंखध्वनि से गुंजायमान हो उठी। कार्यक्रम का शुभारंभ वेदांत कुटीर की संस्थाध्यक्ष साध्वी सेवानंद सरस्वती की अध्यक्षता में हुआ। सुबह मंत्रोच्चारण के बीच जगद्गुरु की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधि-विधान से पूजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पधारे संतों का हार पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
समारोह के प्रथम दिवस वेदांत कुटीर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ निकली यह यात्रा भूतनाथ गली से होते हुए सेरी बाजार पहुंची। इसके अलावा चौहट्टा से होते इंदिरा मार्केट का चक्कर काटते हुए समखेतर बाजार से न्यू विक्टोरिया से पुराने विक्टोरिया से वापिस वेदांत कुटीर में संपन्न हुई। जहां परिसर के मुख्य द्वार पर पुष्प वर्षा कर संगत का स्वागत किया गया। शोभायात्रा के पश्चात संतों और भक्तों के लिए विशेष प्रीति भोज का आयोजन हुआ।
वेदांत कुटीर की अध्यक्षा ने बताया कि अन्य दिनों में ज्ञान और भक्ति की गंगा बहती रहेगी। प्रतिदिन एक से चार बजे तक प्रतिदिन कर्मयोग सम्मेलन, भक्तियोग सम्मेलन और सोमवार को ज्ञानयोग सम्मेलन आयोजित होगा। इसके अलावा 21 अप्रैल मंगलवार को मुख्य उत्सव पर संतों के प्रवचन, के बाद दोपहर 1 बजे से भंडारे का आयोजन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

