भीषण गर्मी में भी मतदान को लेकर दिखा उत्साह, बुजुर्गों ने निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में भी मतदान को लेकर दिखा उत्साह, बुजुर्गों ने निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी


नाहन, 26 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तहत पहले चरण के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। जिला की 94 पंचायतों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह से ही पहुंचने लगे। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया शाम 3 बजे तक जारी रही।

मतदान केंद्रों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। खास बात यह रही कि वरिष्ठ नागरिकों ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।

त्रिलोकपुर क्षेत्र से 86 वर्षीय लक्ष्मी देवी, 78 वर्षीय तारा देवी और 85 वर्षीय कृष्णि देवी मतदान करने पहुंचीं। वहीं काला अम्ब से 72 वर्षीय कनीज फातिमा और पांवटा साहिब से 90 वर्षीय द्वारका देवी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इन बुजुर्ग मतदाताओं ने कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है और प्रत्येक नागरिक को इसका सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग्य उम्मीदवार का चयन करें ताकि पंचायतों में विकास कार्य तेजी से हो सकें और आम जनता को उसका लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story