हिमाचल शहरी निकाय चुनाव : दूसरे दिन 535 नामांकन, कांगड़ा में सबसे ज्यादा और हमीरपुर में सबसे कम

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी निकायों के लिए हो रहे आम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है और दूसरे दिन कुल 535 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इन चुनावों के लिए अधिसूचना 21 अप्रैल को जारी की गई थी और तय कार्यक्रम के तहत 30 अप्रैल को नामांकन का दूसरा दिन रहा। अब उम्मीदवार 2 मई को भी अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे दिन सबसे ज्यादा 98 नामांकन कांगड़ा जिले में प्राप्त हुए, जबकि हमीरपुर में सबसे कम 27 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके अलावा मंडी में 77, सोलन में 76, शिमला में 63, सिरमौर में 44, ऊना में 43, चम्बा में 39, बिलासपुर में 36 और कुल्लू में 32 नामांकन पत्र जमा हुए।

आंकड़ों के मुताबिक पहले दिन यानी 29 अप्रैल को कुल 155 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जबकि दूसरे दिन यह संख्या बढ़कर 535 पहुंच गई है, जिससे साफ है कि चुनाव को लेकर उम्मीदवारों में दिलचस्पी बढ़ रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पारदर्शी तरीके से पूरी कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि जारी कार्यक्रम के मुताबिक दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुबह 10 बजे के बाद करेंगे। इसके बाद 6 मई को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story