हिमाचल शहरी निकाय चुनाव : 237 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, अब 1147 उम्मीदवार मैदान में, 17 मई को मतदान
शिमला, 06 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी निकायों के लिए होने वाले चुनाव अब निर्णायक चरण में पहुंच गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार बुधवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। इन सभी उम्मीदवारों को 6 मई को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक इन चुनावों के लिए कुल 1426 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 32 नामांकन पत्र अस्वीकृत कर दिए गए, जबकि 1394 नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद 237 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके चलते अब कुल 1147 उम्मीदवार ही चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, 10 वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 218 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121, ऊना में 118, कुल्लू में 100, बिलासपुर में 87, सिरमौर में 84, चंबा में 72 और हमीरपुर में 44 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
कुछ जगहों पर खास स्थिति भी सामने आई है। मंडी जिले की नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 7 में एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ, जबकि नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर 14 में दाखिल सभी 4 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं।
इस बीच नगर परिषद रोहड़ू और नगर पंचायत नारकंडा के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। पहले दिन रोहड़ू में 4 नामांकन भरे गए थे, जबकि नारकंडा में कोई भी नामांकन नहीं हुआ था। दूसरे दिन दोनों जगहों पर 5-5 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर के अनुसार चुनाव प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है और मतदान की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

