हिमाचल के दो युवाओं को आईपीएस कैडर, 22 और 23 साल की उम्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के दो युवाओं को आईपीएस कैडर, 22 और 23 साल की उम्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी


हिमाचल के दो युवाओं को आईपीएस कैडर, 22 और 23 साल की उम्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। महज 22 और 23 साल की उम्र में आईपीएस अधिकारी बनने का अवसर मिलना हिमाचल प्रदेश के दो युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में चयनित शिमला के विकास पंवार और कांगड़ा के आदित्य धीमान को अब भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का कैडर आवंटित हुआ है। दोनों का चयन मार्च 2026 में घोषित परीक्षा परिणाम में हुआ था। अब सर्विस आवंटन के बाद उनके आईपीएस अधिकारी बनने का रास्ता साफ हो गया है।

दोनों युवाओं ने पुलिस सेवा में आने के साथ अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट हैं। विकास पंवार महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ कार्रवाई और नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने को प्राथमिकता देना चाहते हैं। वहीं, आदित्य धीमान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पुलिसिंग में नई तकनीक के इस्तेमाल और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने पर जोर देना चाहते हैं। कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दोनों युवाओं की कहानी मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण की मिसाल है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हुआ सर्विस आवंटन

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 का परिणाम मार्च 2026 में घोषित हुआ था। हालांकि, ओबीसी क्रीमी लेयर से जुड़े विवाद का मामला अदालत में लंबित होने के कारण चयनित अभ्यर्थियों का सर्विस आवंटन रुका हुआ था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब सर्विस आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई है। इसमें हिमाचल के विकास पंवार और आदित्य धीमान को आईपीएस कैडर मिला है।

दोनों युवाओं के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि उन्हें अपने करियर की शुरुआत में ही देश की प्रतिष्ठित पुलिस सेवा में काम करने का अवसर मिला है। दोनों ने अपनी प्राथमिकताओं के जरिये यह भी बताया है कि वे भविष्य में किस तरह की पुलिस व्यवस्था देखना चाहते हैं।

महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ कार्रवाई विकास की प्राथमिकता

शिमला जिले के दुर्गम क्षेत्र कुपवी के गांव जुब्बली के रहने वाले 22 वर्षीय विकास पंवार ने आईपीएस अधिकारी के रूप में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं। फोन पर बातचीत में उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। इसके अलावा नशीले पदार्थों की तस्करी और नशे की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए काम करना चाहते हैं। नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करना भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

विकास की उपलब्धि के पीछे संघर्ष और पढ़ाई के प्रति गहरी लगन की कहानी है। उनके पिता चतर सिंह पंवार दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। इससे पहले वह वर्ष 2023 तक हिमाचल प्रदेश में सेवाएं दे रहे थे। विकास ने 12वीं तक की पढ़ाई डीएवी न्यू शिमला स्कूल से पूरी की। यूपीएससी में चयन के दौरान वह दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे थे। विकास ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की कठिन परीक्षा को क्लिक कर 159वां रैंक हासिल किया।

विकास पिछले साल टेलीविजन के चर्चित कार्यक्रम 'कौन बनेगा करोड़पति' में भी नजर आए थे। कार्यक्रम में वह एक करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचे थे। हालांकि, सवाल का जवाब नहीं मालूम होने के कारण उन्होंने खेल छोड़ने का फैसला किया और 50 लाख रुपये जीते थे।

नवंबर 2025 में कार्यक्रम की हॉट सीट पर उन्होंने अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ अपने पारिवारिक संघर्षों की कहानी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए कई बार लोगों से उधार तक लिया। पिता जब शिक्षक थे, उस समय उनका मासिक वेतन महज 1,400 रुपये था, जबकि बच्चों की पढ़ाई का खर्च काफी अधिक था।

बिना कोचिंग पहले प्रयास में सफल हुए आदित्य

कांगड़ा जिले के धर्मशाला के रहने वाले 23 वर्षीय आदित्य धीमान को भी आईपीएस कैडर मिला है। उन्होंने भी यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में बिना किसी कोचिंग के पास की थी और 753वीं रैंक हासिल की थी।

आदित्य ने फोन पर बातचीत में बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस अधिकारी का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। वह संविधान के सिद्धांतों और कानून के शासन के अनुरूप काम करना चाहते हैं। पुलिस व्यवस्था में नई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना, उसे डिजिटल रूप से अधिक सुलभ बनाना और पुलिस सेवाओं को आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम करना, निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना और सरकारी सेवाओं की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है। कानून-व्यवस्था से जुड़े निर्णयों में आम नागरिकों की भागीदारी को भी वह महत्वपूर्ण मानते हैं।

आदित्य सेवानिवृत्त एचएएस अधिकारी डॉ. संजय कुमार धीमान के बेटे हैं। उनके पिता राजा का तालाब स्थित जिलाधीश राहत एवं पुनर्वास कार्यालय से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने प्रशासनिक सेवा में रहते हुए विभिन्न पदों पर कार्य किया है। उनकी माता कुशला धीमान स्वास्थ्य विभाग में वार्ड सिस्टर हैं, जबकि बहन चिकित्सक हैं।

आदित्य ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (सीएलएटी) के माध्यम से राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय, भोपाल में प्रवेश हासिल किया था। यहां से उन्होंने पांच वर्षीय एलएलबी (ऑनर्स) की पढ़ाई पूरी की। कानून की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के दम पर पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story