अपडेट: मंडी के हणोगी टनल में दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, 4 की मौत और 7 घायल

WhatsApp Channel Join Now
अपडेट: मंडी के हणोगी टनल में दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, 4 की मौत और 7 घायल


मंडी, 20 अगस्त (हि.स.)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हणोगी टनल नंबर-12 में गुरुवार सुबह करीब पौने 8 बजे दो ट्रकों (पंजाब नंबर PB-11-DQ-1249 और हिमाचल नंबर HP-33-C-1730) के बीच हुई जोरदार टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही औट पुलिस थाना की टीम और राहत-बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी 11 पीड़ितों को 108 एंबुलेंस के ज़रिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया और 7 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्रों के लिए रैफर किया।

अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार हादसे का शिकार हुए घायलों में मुकेश (40) और भागिरथ (51) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्री लाल बहादुर शास्त्री गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया है जबकि आज़ाद (17), शहज़ाद (20), दीपक (20), शबील (26) और दीपक (20) को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रैफर किया गया है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले चार मृतकों में तीन अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं जिन्हें अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था।

डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर बाधित यातायात को बहाल कराया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले में नियमानुसार जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ये सब बाहरी मजदूर हैं जो टकोली सब्जी मंडी से सुबह इस माज़दा ट्रक में बैठकर आगे जा रहे थे। इनके सभी तक कोई स्थाई पत्ते के दस्तावेज भी नहीं मिले हैं जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story