चैंपियन बनकर लौटी मंडी अंडर-16 क्रिकेट टीम को अजय राणा ने किया सम्मानित
मंडी, 18 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अंतर्गत खेली गई अंडर 16 प्रतियोगिता में मंडी जिला अंडर-16 क्रिकेट टीम के चैंपियन बनकर लौटने पर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर लगभग 200 करीब लोग व खिलाड़ी उपस्थित रहे। टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को मंडी में स्थित क्लासिओ होटल में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मंडी के अध्यक्ष अजय राणा ने स्मृति चिन्ह देकर व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी पूर्व प्रिंसीपल अमिता राणा भी उपस्थित रही।
अजय राणा ने बच्चों के साथ मातृ शक्ति को भी सम्मानित किया। इसके अलावा पूर्व रणजी खिलाड़ी प्रवीण सेन, रणजी खिलाड़ी मुकेश शर्मा, रणजी खिलाड़ी कौल सिंह ठाकुर, चीफ कोच चेतन ठाकुर, कोच मनीष गुप्ता नेहा सैनी हिमाचल की पहली नार्थ जोन प्लेयर, कोच शकुन सैनी व सब सेंटरों के कोच को भी सम्मानित किए गए। अजय राणा ने कहा कि मंडी के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के बल पर खिलाड़ियों ने यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन मंडी खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मंडी के पदाधिकारी महेंद्र गोस्वामी, अभिनव गुलेरिया, गिरीश कपूर, तारा पंसारी, डॉक्टर अक्षय व सन्नी सिंह भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

