ऊना में होगी नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता, देशभर के खिलाड़ी लेंगे भाग

WhatsApp Channel Join Now
ऊना में होगी नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता, देशभर के खिलाड़ी लेंगे भाग


ऊना, 28 नवंबर (हि.स.)। जिला ऊना के इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में 26 से 30 दिसंबर तक 70वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अंतर्गत अंडर-19 छात्रा वर्ग की राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की 35 टीमें भाग लेंगी, जिनमें करीब 600 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी।

यह जानकारी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक योगेश चौहान ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। देशभर से आने वाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तरीय खेल आयोजन युवाओं, विशेषकर छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऊना में प्रतियोगिता का आयोजन जिला के लिए गौरव का विषय है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जिला को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान भी मिलेगी।

इस मौके पर एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, संयुक्त निदेशक जगदीश नेगी, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान, अनुभाग अधिकारी डाइट कश्मीर चंद सहित स्कूलों के प्रधानाचार्य वि अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story