किसान हितैषी होने का ढोंग कर रही कांग्रेस : कंवर

WhatsApp Channel Join Now
किसान हितैषी होने का ढोंग कर रही कांग्रेस : कंवर


ऊना, 23 सितंबर (हि.स.)। पूर्व कृषि मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने किसानों से खरीदे गए गेहूं के बीज का भुगतान लंबित होने को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो सरकार किसानों से उनका उत्पाद खरीदने के बाद उसका पैसा तक समय पर नहीं दे पा रही, वह किस मुंह से खुद को किसान हितैषी सरकार बता रही है।

मीडिया को जारी बयान में कंवर ने कहा कि ऊना जिला के किसानों से सरकार ने गेहूं का बीज खरीदा, लेकिन किसानों को अभी तक उनके हक का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार करता है और जब सरकार उससे बीज खरीदती है तो भुगतान में देरी सीधे तौर पर किसान की आर्थिक परेशानियां बढ़ाती है।

कंवर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले किसानों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। दो रुपये किलो गोबर और 100 रुपये लीटर दूध खरीदने जैसे वादों के नाम पर किसानों को गुमराह कर सत्ता हासिल की गई, लेकिन सत्ता में आने के बाद किसानों के वास्तविक मुद्दों से सरकार ने मुंह मोड़ लिया।

उन्होंने कहा कि किसानों को बीज, ट्रैक्टर, कृषि उपकरणों और दवाइयों पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी समय पर नहीं मिल रहा है। गेहूं और मक्की के बीज पर सब्सिडी को लेकर भी किसान परेशान हैं। कंवर ने कहा कि घोषणाओं और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर साफ दिखाई दे रहा है।

कंवर ने सरकार से मांग की कि किसानों से खरीदे गए बीज का लंबित भुगतान तत्काल जारी किया जाए और कृषि संबंधी सब्सिडी का लाभ भी किसानों को समयबद्ध तरीके से दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों के बकाया भुगतान पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो भाजपा किसानों के साथ खड़ी होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story