30 को रिटायर होंगे विजय भारद्वाज, 1997 से कर रहे अमरनाथ यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
30 को रिटायर होंगे विजय भारद्वाज, 1997 से कर रहे अमरनाथ यात्रा


ऊना, 26 मई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले विजय भारद्वाज 30 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। विजय भारद्वाज एक समाजसेवी और धार्मिक प्रवृति के व्यक्ति हैं और वर्ष 1997 से लगातार श्री अमरनाथ जी की यात्रा कर रहे हैं। इसके साथ-साथ श्री केदारनाथ, बद्रीनाथ और मां वैष्णों के दरबार में भी हर वर्ष अपनी हाजिरी लगवाते हैं। उन्होंने 30 जनवरी 1993 को अंबाला में अकाउंट्स कम टाइपिस्ट के पद पर अपनी पहली ज्वाइनिंग की थी। इसके बाद उन्होंने पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। करीब साढ़े 33 वर्षों के सेवाकाल में विजय भारद्वाज ने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ विभागीय कार्यों को निभाया। वे अकाउंट्स एवं प्रोग्राम सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सहकर्मियों के बीच वे अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण के लिए विशेष पहचान रखते हैं।

विजय भारद्वाज केवल एक कर्मठ अधिकारी ही नहीं बल्कि गहरे शिव भक्त भी हैं। वे वर्ष 1997 से लगातार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा करते हैं। इस दौरान केवल कोरोना काल में वे बाबा बर्फानी के दर्शन नही कर पाए थे। अभी इस वर्ष भी वे 19 जुलाई को श्री अमरनाथ की यात्रा पर जा रहे हैं। धार्मिक आस्था और सेवा भावना का यह अनूठा संगम उन्हें विशेष पहचान दिलाता है। सहकर्मियों का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपने जीवन में कार्य के साथ.साथ आध्यात्मिक मूल्यों को भी महत्व दिया। उनके सेवानिवृत्त होने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story