अब नंगल डैम स्टेशन पर भी रुकेगी वंदे भारत, यात्रियों को बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now

ऊना, 29 जुलाई (हि.स.)। अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस अब नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद उत्तरी रेलवे ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। यह नई व्यवस्था 29 जुलाई से लागू हो गई है और फिलहाल पांच माह तक प्रायोगिक आधार पर संचालित की जाएगी। इस दौरान टिकटों की बिक्री और यात्रियों की संख्या का आकलन किया जाएगा। परिणाम संतोषजनक रहने पर इस ठहराव को स्थायी रूप से जारी रखने पर फैसला लिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 22448 अंब-अंदौरा–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 1:00 बजे अंब-अंदौरा से रवाना होकर 1:21 बजे ऊना पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 1:23 बजे आगे रवाना होगी और 1:43 बजे नंगल डैम रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां दस मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 1:53 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद ट्रेन 2:08 बजे श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी, जहां दो मिनट रुकने के बाद आगे बढ़ेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 22447 नई दिल्ली–अंब-अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस का नंगल डैम स्टेशन पर ठहराव 30 जुलाई से शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 10:18 बजे नंगल डैम पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 10:20 बजे ऊना के लिए रवाना होगी।

अब तक इस ट्रेन का ठहराव केवल अंब-अंदौरा, ऊना, श्री आनंदपुर साहिब, चंडीगढ़ और अंबाला रेलवे स्टेशनों पर ही था। नंगल डैम स्टेशन को शामिल किए जाने से यह अंब से दिल्ली के बीच इस मार्ग का चौथा आधिकारिक ठहराव बन गया है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का मानना है कि इस फैसले से नंगल डैम, भाखड़ा क्षेत्र और आसपास के इलाकों के हजारों यात्रियों को दिल्ली सहित अन्य गंतव्यों तक यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story