वंदे भारत ट्रेन में भडक़ी आग, रेलवे कर्मियों की मुस्तैदी से टला हादसा

WhatsApp Channel Join Now

ऊना, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली से ऊना आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के कोच नंबर आठ में अचानक आग भडक़ उठी। घटना के दौरान ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में हडक़ंप मच गया। हालांकि रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन स्टाफ की मुस्तैदी के चलते बड़ा हादसा टल गया और आग भडक़ने से पहले ही इस पर काबू पा लिया गया। जिस कारण ट्रेन ऊना रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटा देरी से पहुंची।

ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के अनुसार शनिवार सुबह जब वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से ऊना आ रही थी, तो चंडीगढ़ स्टेशन पर ट्रेन यात्रियों को उतार रही थी तो गाड़ी के कोच नंबर आठ के डोर में अचानक धुआं उठने लगा। दरवाजे से धुआं उठता देख गाड़ी और स्टेशन पर तैनात स्टाफ तुरंत हरकत में आ गया और गाड़ी में लगे अग्रिशामक यंत्र से आग भडक़ने से पहले ही उस पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि कोच में धुआं उठता देख यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आग को फैलने से रोक लिया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे विभाग ने प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बता दें कि वंदे भारत रोजाना सुबह करीब छह बजे चलती है और ऊना करीब साढे 10 बजे पहुंचने का समय है। लेकिन शनिवार को ये ट्रेन साढे 11 बजे ऊना स्टेशन पर पहुंची

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story