खे टक्का में अंडर-19 खेलों का शुभारंभ, 29 स्कूलों के 378 खिलाड़ी ले रहे भाग

WhatsApp Channel Join Now
खे टक्का में अंडर-19 खेलों का शुभारंभ, 29 स्कूलों के 378 खिलाड़ी ले रहे भाग


ऊना, 03 सितंबर (हि.स.)। खेल केवल मैदान पर जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में जीतने की तैयारी है। खेल हमें सिखाता है कि सफलता के लिए प्रतिभा के साथ-साथ अनुशासन, निरंतर अभ्यास, धैर्य और टीम भावना भी जरूरी है। ये शब्द राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टक्का में बंगाणा खंड की अंडर-19 स्कूली छात्र खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे उपशिक्षा निदेशक ऐलीमेंटरी सोमपाल धीमान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहे।

उन्होंने कहा कि मैदान में हर खिलाड़ी हर टीम जीतना चाहते हैं, लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं कि जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण है अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना। उन्होंने कहा कि खेल हमें हार को स्वीकार करना भी सिखाता है। यदि आज कोई खिलाड़ी हार जाता है तो उसे निराश होने की आवश्यकता नहीं है। हार अंत नहीं, बल्कि अगली जीत की तैयारी है। अपनी कमियों को पहचानिए, उनसे सीखिए और अगली बार और बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरें।

इस प्रतियोगिता में बंगाणा शिक्षा खंड के 29 स्कूलों के 378 के करीब खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

सोमपाल धीमान ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने मोबाइल फोन, सोशल मीडिया की लत बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में खेल हमें सक्रिय, स्वस्थ और सकारात्मक बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल हमें नशे जैसी बुरी आदतों से भी दूर रखते हैं। अपने शरीर और मन को मजबूत बनाइए, अच्छे मित्र चुनिए और अपनी ऊर्जा को खेल, पढ़ाई तथा रचनात्मक कार्यों में लगाइए। उन्होंने कहा कि आप खिलाड़ियों में से ही आगे चलकर राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय, अपने क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इसलिए अपने सपनों को छोटा मत समझिए। बड़े लक्ष्य निर्धारित कीजिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए रोज थोड़ा-थोड़ा बेहतर बनने का प्रयास कीजिए।

कार्यक्रम में स्कूल प्रधानाचार्य बलबिंद्र कुमार, एसएमसी प्रधान मोहन लाल और स्टाफ सदस्यों ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य वरिंद्र कपिल, निशा धीमान मुख्याध्यापिका लोअर बसाल, ग्राम पंचायत प्रधान रेखा रानी, उपप्रधान कुलदीप चंद, बीडीसी सदस्य रजनी धीमान, स्टेट अवार्ड से सम्मानित सेवानिवृत डीएम रवि शकंर, डीएसएसए वाईस प्रेजीडेंट रविंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story