ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे पुलिस कर्मी की दो बसों के बीच दबने से मौत
ऊना, 18 अक्टूबर (हि.स.)। चिंतपूर्णी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत भरवाई में नवरात्र मेले के दौरान यातायात जाम खुलवाते समय दो बसों के बीच दबने से पुलिस एसआई राजेश कुमार की मौत हो गई। हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे यात्री निवास के पास एक तंग मोड़ पर हुआ। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 17 अक्तूबर की रात भरवाई में नवरात्र मेले के चलते सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं। पुलिस कर्मी यातायात सुचारू करवाने में जुटे थे। इसी दौरान मुबारिकपुर की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस और देहरा की ओर जा रही दूसरी यात्री बस यात्री निवास के पास तंग मोड़ से गुजर रही थीं। एसआई राजेश कुमार दोनों बसों को धीरे-धीरे निकालने के लिए सडक़ के बीच खड़े होकर संकेत दे रहे थे। इस दौरान अचानक एसआई राजेश कुमार दोनों बसों के बीच दब गए और सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों ने उन्हें तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एसआई राजेश कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस टीम उन्हें एंबुलेंस से टांडा ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत बिगडऩे लगी। इसके बाद उन्हें वापस चिंतपूर्णी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 106 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

