किसान की बेटी ने किया यूपीएससी में टॉप

WhatsApp Channel Join Now
किसान की बेटी ने किया यूपीएससी में टॉप


ऊना, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल की बेटी नंदिनी ठाकुर राष्ट्रीय सर्वे ऑफ इंडिया में अपनी सेवाएं देंगी। नंदनी ने यूपीएससी परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है । बेटी की उपलब्धि से गांव में जश्न का माहौल है । जिला ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पंजावर के वार्ड नंबर 9 की 26 वर्षीय प्रतिभाशाली बेटी नंदनी ठाकुर ने परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिला ऊना और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

किसान संजय ठाकुर व राज रानी के घर जन्मी नंदनी ठाकुर ने कुल 757 अंक हासिल कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाली नंदनी के पिता एक जमींदार (किसान) हैं। माता-पिता और एक भाई आदित्य ठाकुर के साथ रहने वाली नंदनी ने कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। नंदनी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नंदनी ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि नंदनी की सफलता यह दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने नंदनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह प्रशासनिक सेवा में रहकर देश और समाज की सेवा करेंगी तथा प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगी। वहीं नंदिनी ठाकुर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता–पिता ओर अध्यापकों को दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story