50 हजार के जर्मन शेफर्ड कुत्ते को तेंदुए ने बनाया शिकार, वन विभाग से गुहार
ऊना, 15 अप्रैल (हि.स.)। हरोली क्षेत्र के गांव पूबोवाल में तेंदुए की दहशत एक बार फिर सामने आई है। ताजा घटना में तेंदुए ने करीब 50 हजार रुपये कीमत के जर्मन शेफर्ड कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। बताया जा रहा है कि कुत्ता खेतों में फसल की रखवाली कर रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।
उक्त घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार रात के समय तेंदुए की आवाजें सुनाई दी हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा था कि क्षेत्र में तेंदुआ सक्रिय है। अब इस हमले के बाद लोगों में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि तेंदुए को पकडऩे के लिए गांव के आसपास पिंजरा लगाया जाए ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।
लोगों को डर है कि अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए तो यह तेंदुआ इंसानों या अन्य पशुओं को भी नुकसान पहुंचा सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कुत्ते के मालिक दीपा हीर ने बताया कि उनके जर्मन शेफर्ड कुत्ते को तेंदुए द्वारा शिकार बनाया गया है। रोजाना की तरह कुत्ता रात को खेत की रखवाली कर रहा था कि आधी रात को तेंदुए ने उसे शिकार बना लिया।
उन्होंने बताया कि जर्मन शेफर्ड नस्ल के पालतू कुत्ते को शावक के रूप में चार साल पहले पंजाब के समराला से 22 हजार रुपए में लाया गया था, जिसकी वर्तमान में कीमत 40 से 50 हजार तक थी। उन्होंने बताया कि उनके खेत घर के बिल्कुल साथ ही है और ये पालतू कुत्ता इतना समझदार था कि सारी रात खेत में रहकर जंगली जानवरों से फसल की रखवाली करता और सुबह होते ही अपने आप घर आ जाता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

