43 डिग्री के पार हुआ ऊना, मंगलवार सीजन का सबसे गर्म दिन
ऊना, 19 मई (हि.स.)। जिला ऊना में गर्मी ने अब विकराल रूप धारण करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।
दोपहर के समय बाजारों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों, छांव और कूलर-एसी का सहारा लेते नजर आए। भारी गर्मी के कारण पंखे भी गर्म हवा दे रहे थे।
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, अधिक मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। अस्पतालों में भी गर्मी और डिहाइड्रेशन से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। किसान सुबह और शाम के समय ही खेतों में काम कर रहे हैं, जबकि दोपहर के समय लोग घरों के अंदर रहने को मजबूर हैं। लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

