108 कर्मियों की हड़ताल, ऊना में रौष सरकार से मांग

WhatsApp Channel Join Now
108 कर्मियों की हड़ताल, ऊना में रौष सरकार से मांग


ऊना, 26 दिसंबर (हि.स.)। सीटू के बैनर तले शुक्रवार को 108 व 102 एंबुलेंस कर्मचारियों मिनी सचिवालय में रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने क्षेत्रीय अस्पताल से लेकर एमसी पार्क तक रोष रैली निकाली। कर्मचारियों ने एंबुलेंस कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि कंपनी श्रम कानूनों को ताक पर रखकर कर्मचारियों से कार्य करवा रही है। कंपनी की तरफ से कोई ईएल और सीएल का प्रावधान नहीं है। आठ घंटे की ड्यूटी के बजाय 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जो श्रम कानूनों के खिलाफ है। इस मामले को लेकर कई बार कर्मचारियों की तरफ से उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया है लेकिन आज तक कर्मचारियों की मांगों को अनसुना किया गया।

कर्मचारियों ने कहा कि इससे पहले भी कर्मचारी हड़ताल कर चुके हैं। लेकिन सरकार व कंपनी उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। इसके चलते मजबूरी में इस बार 48 घंटे के लिए कर्मचारियों को यह हड़ताल करनी पड़ रही है। 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रधान रजनीश कुमार ने बताया कि कई वर्षों से कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी नहीं की गई है। इससे कर्मचारियाें को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती है। अन्य कर्मचारियों ने बताया कि इसे लेकर जो लोग कंपनी के समक्ष आवाज उठाते हैं तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है। कर्मचारियों ने मांग उठाई कि वेतन में हर वर्ष 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए, कंपनी में सभी प्रकार के श्रम कानूनों को लागू किया जाए, ईपीएफ व ईएसआई में की गई दस्तावेज संबंधी गलतियों को ठीक किया जाए।

एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग में तैनात चालकों व फार्मासिस्ट को हड़ताल खत्म होने तक एंबुलेंस का संचालन करने का जिम्मा दिया गया है। जिले में 12 108 एंबुलेंस व आठ 102 एंबुलेंस वाहन हैं जोकि आपातकाल में मरीजों काे स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करते हैं। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एसके वर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते चालकों व फार्मासिस्ट को एंबुलेंस के संचालन के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपातकाल में मरीजों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story