ऊना में कानून व्यवस्था का निकला दिवाला, सरेआम चल रही तलवारें: सत्ती

WhatsApp Channel Join Now
ऊना में कानून व्यवस्था का निकला दिवाला, सरेआम चल रही तलवारें: सत्ती


ऊना, 22 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जिले में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऊना में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग सरेआम सड़कों पर तलवारें लहरा रहे हैं, शादी समारोहों में हथियार लहराए जा रहे हैं और लोगों के साथ मारपीट की जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन कहीं नजर नहीं आ रहा। आम जनता दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। कब कौन किस पर गोली चला दे या तेजधार हथियार से हमला कर दे, इसका कोई भरोसा नहीं रह गया है।

सत्ती ने रविवार को कहा कि जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं, जबकि पुलिस व्यवस्था का कोई प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने सोमभद्रा नदी में दोबारा सक्रिय हुए खनन माफिया को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि संतोषगढ़ पुलिस चौकी और टाहलीवाल थाना के अधिकारी एवं कर्मचारी अवैध खनन पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। नदी में खनन गतिविधियां फिर से जोर पकड़ रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा।

विधायक ने जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर भी चिंता जताई। उन्होंने ऊना मुख्यालय के अंब रोड पर बस और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत के मामले को उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल के पास बेतरतीब ढंग से खड़े टिप्पर साफ दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं टिप्परों के कारण बाइक सवार को सामने से आ रही बस दिखाई नहीं दी और बस चालक भी बाइक को नहीं देख पाया। इस हादसे में एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी।

सत्ती ने पुलिस की कार्रवाई पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों के स्कूटर और कारों के बेतरतीब पार्किंग के नाम पर चालान काटे जाते हैं, लेकिन जब सड़क किनारे खड़े टिप्परों की बात आती है तो पुलिस की आंखें बंद हो जाती हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story