33 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद विजय कुमार भारद्वाज हुए सेवानिवृत्त, सम्मान के साथ भावभीनी विदाई

WhatsApp Channel Join Now


ऊना, 30 मई (हि.स.)। माई भारत ऊना कार्यालय में एकाउंट्स एंड प्रोग्राम सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत रहे विजय कुमार भारद्वाज 33 वर्षों की सराहनीय, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा परिवार के सदस्यों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मेरा युवा भारत हमीरपुर कार्यालय प्रभारी दीपमाला ने विजय कुमार भारद्वाज के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। वे न केवल एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी रहे, बल्कि अपने सौम्य व्यवहार और सहयोगी स्वभाव के कारण सहकर्मियों के बीच भी विशेष पहचान रखते थे।

ऊना कार्यालय प्रभारी प्रदीप सिंह ने भी किन्नौर से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विजय भारद्वाज को उत्कृष्ट अधिकारी बताते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित नेहरू युवा केंद्र के कर्मचारियों इंद्रपाल गोयल,राकेश कुमार,रत्न कुमार व अन्य ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भारद्वाज ने युवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ वर्षों तक संगठन को मिलता रहा।

इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी मंजू भारद्वाज, भाई अजय पाल सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्ति जीवन की कामना की। समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि विजय कुमार भारद्वाज सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सदैव बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं तथा समाज हित के कार्यों में उनका योगदान हमेशा प्रेरणादायक रहा है।

हिमोत्कर्ष परिषद के अध्यक्ष जतिंदर कंवर ने भी समारोह में भाग लेते हुए विजय कुमार भारद्वाज को सम्मानित किया और कहा कि उन्होंने सरकारी सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी हमेशा प्राथमिकता दी। उनका सेवाभाव, कार्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

समारोह के अंत में विजय कुमार भारद्वाज को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की गई। उपस्थित सभी लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नई जीवन यात्रा के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story