24 जून से शुरू होगा जिला स्तरीय पिपलू मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी

WhatsApp Channel Join Now

ऊना, 22 जून (हि.स.)। 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जिला स्तरीय पिपलू मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। निर्जला एकादशी के अवसर पर भगवान नरसिंह मंदिर में लगने वाले इस मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

उपमंडलाधिकारी (ना.) बंगाणा एवं मेला समिति के अध्यक्ष सोनू गोयल ने बताया कि मेले को लेकर सारे इंतजाम लगभग पूरे कर लिए गए हैं। मेले में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।

मेले का शुभारंभ 24 जून को भगवान श्री नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण रस्म के साथ होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 24 जून को प्रसिद्ध लोक गायक काकू राम ठाकुर, 25 जून को सुप्रसिद्ध गायक कुमार साहिल और सुनील मस्ती अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 26 जून को हिमाचली गायक इंशांत भारद्वाज और मोहित गर्ग पिपलू में और मेले के अंतर्गत 26 जून की सायं बंगाणा के भलेत में आयोजित कुटलैहड़ महोत्सव में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू और नाटी कुलदीप शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियों से रंग जमाएंगे।।

विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में मेले में भाग लेकर इसकी गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story