विदेशी फूलों से सजा मां चिंतपूर्णी का दरबार

WhatsApp Channel Join Now
विदेशी फूलों से सजा मां चिंतपूर्णी का दरबार


ऊना, 10 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व विख्यात धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी शक्तिपीठ में रविवार से शारदीय नवरात्र मेले का विधिवत आगाज हो रहा है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए माता के दरबार को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंदिर को आकर्षक देसी और विदेशी फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे दरबार की अलौकिक छटा देखते ही बन रही है। कानपुर के एक श्रद्धालु तिलक राज शर्मा द्वारा फूलों की सेवा का कार्य किया गया है इस सजावट कार्य के लिए 12 सदस्य टीम कार्य कर रही है। तो वहीं दूसरी तरफ मंदिर परिसर में लाइटिंग की सजावट का कार्य समीर मित्तल जो की फिरोज पुर पंजाब से संबंध रखते हैं पिछले के वर्षों से माता की सेवा में कार्य कर रहे हैं।

प्रशासन ने दावा किया है कि श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और लाइन व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माता रानी का दरबार 24 घंटे खुला रहेगा। दोपहर 12 से 1 बजे तक साफ-सफाई के लिए मंदिर एक घंटा बंद रहेगा। वहीं भीड़ कम होने की स्थिति में रात 11 बजे कपाट बंद कर सुबह 4 बजे फिर खोल दिए जाएंगे।

उधर, पंजाब व अन्य राज्यों से लंगर संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चिंतपूर्णी पहुंच गई हैं। लंगर में श्रद्धालुओं के लिए व्रतधारी भोजन सहित सभी प्रकार के व्यंजनों का प्रसाद परोसा जाएगा। इस संबंध में मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाग करने बताया कि शारदीय नवरात्रों के आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है। नवरात्र बैठक में मंदिर प्रशासन के उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देशों अनुसार ही श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक इंतजाम किए गए हैं। खासकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रोड मैप तैयार किया गया है। सभी विभागों के अपने स्तर पर अपनी सेवाएं सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story