माता-पिता की मैरिज एनिवर्सरी पर बेटे ने किया रक्तदान

WhatsApp Channel Join Now
माता-पिता की मैरिज एनिवर्सरी पर बेटे ने किया रक्तदान


ऊना, 23 जून (हि.स.)। आज के दौर में जहां लोग अपने विशेष अवसरों को केवल उत्सव और समारोह तक सीमित रखते हैं, वहीं पंडोगा निवासी विकास राणा ने अपने माता-पिता की वैवाहिक वर्षगांठ को एक अनोखे और प्रेरणादायक तरीके से मनाकर समाज के सामने मिसाल पेश की है। विकास राणा ने अपने माता-पिता की मैरिज एनिवर्सरी के अवसर पर रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। उनके साथ उनके दोस्त कुलदीप कुमार ने भी इस मौके पर रक्तदान करके पुनीत कार्य किया है।

विकास राणा का कहना है कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा अन्य खुशियों के अवसरों पर रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को जीवंत रखते हुए हमेशा ही अपने माता–पिता और बड़ों का सम्मान करना चाहिए।

वहीं ब्लड बैंक ऊना के इंचार्ज डॉ. करण ने विकास राणा के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और दूसरों को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। विकास राणा का यह प्रयास न केवल उनके माता-पिता के प्रति सम्मान और प्रेम को दर्शाता है, बल्कि मानव सेवा के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी उजागर करता है। साथ ही उन्होंने विकास राणा को शुभकामनाएं देते हुए उनके इस नेक कार्य को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। रक्तदान के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि खुशियों का वास्तविक आनंद तभी है जब उन्हें समाज की भलाई से जोड़ा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story