मक्की सुखाते वक्त छत से गिरा किसान, मौत

WhatsApp Channel Join Now

ऊना, 08 अक्टूबर (हि.स.)। ग्राम पंचायत मलांगड़ के गांव सोहारी में वीरवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 47 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी सोहारी के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में गमगीन माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार सुरजीत सिंह खेती-बाड़ी और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वीरवार सुबह करीब छह बजे उसने अपनी मक्की की फसल सुखाने के लिए मकान की छत पर डाली थी। सुबह वह फसल को देखने के लिए छत पर गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल सुरजीत सिंह को तुरंत उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। ऊना में उपचार के दौरान सिर पर गंभीर चोटों के चलते चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। परिजन उसे पीजीआई लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सुरजीत सिंह ने दम तोड़ दिया।

सुरजीत सिंह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, छोटा भाई, पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। परिवार में कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि सुरजीत सिंह मेहनती और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था तथा खेती-बाड़ी के साथ मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story