ऊना में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत,चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
ऊना में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत,चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज


ऊना, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिला अस्पताल ऊना में शुक्रवार को प्रसव के दौरान 33 वर्षीय गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित परिजनों ने संबंधित महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसे बर्खास्त करने की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। घटना के चलते अस्पताल में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। वहीं, पुलिस ने संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान रीना (33) पत्नी राजीव कुमार, निवासी अर्नियाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रीना पिछले चार से पांच दिनों से जिला अस्पताल में भर्ती थी। यह उसकी दूसरी डिलीवरी थी। इससे पहले उसका पांच वर्षीय बेटा है। शुक्रवार को प्रसव के दौरान महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

परिजनों ने अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने संबंधित महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसे बर्खास्त करने की मांग उठाई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।

सीएमओ ऊना डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि संबंधित चिकित्सक की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story