ऊना के लखबिंद्र इंटरनेशनल मैचों में बनेंगे रैफरी, एकेएफआई के टेस्ट में हुए पास
ऊना, 05 सितंबर (हि.स.)। उपमंडल हरोली के गांव हलेड़ा-बिलणा निवासी लखबिंद्र सिंह ने कबड्डी के क्षेत्र में जिला ऊना का नाम रोशन किया है। लखबिंद्र सिंह का चयन एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) में बतौर रेफरी हुआ है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे जिला ऊना के पहले खिलाड़ी बने हैं। वर्तमान में लखबिंद्र सिंह भारतीय सेना की जैक राइफल यूनिट में सेवाएं दे रहे हैं। कबड्डी के प्रति उनका लगाव स्कूली समय से ही रहा है।
उन्होंने स्कूली स्तर पर कबड्डी खेलना शुरू किया और अपनी प्रतिभा के दम पर चार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया। इसके अलावा आर्मी चैंपियनशिप में भी वह अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। लखबिंद्र सिंह ने खिलाड़ी के रूप में कबड्डी के मैदान पर अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद अब रेफरी के रूप में नई पारी शुरू की है। एकेएफआई में बतौर ऑफिशियल चयन होने के बाद वह अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं देने के योग्य हो गए हैं। इन कब्बड्डी या बड़ी प्रतियोगिताओं में वही रेफरी अपनी सेवाएं दे सकते हैं जिन्होंने एकेएफआई का टैस्ट क्लीयर किया हो।
लखबिंद्र सिंह की इस उपलब्धि से उनके गांव सहित पूरे हरोली क्षेत्र और जिला ऊना में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि खेलों में खिलाड़ी के लिए अवसर केवल मैदान तक सीमित नहीं होते, बल्कि अनुभव और प्रतिभा के दम पर वह ऑफिशियल के रूप में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकता है।
क्या है एकेएफआई
एकेएफआई का पूरा नाम (एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया) है। यह भारत में कबड्डी के लिए राष्ट्रीय स्तर का खेल महासंघ है और कबड्डी के सभी रूपों के लिए नेशनल स्पोर्टस फेडरेशन के रूप में कार्य करता है। वहीं राष्ट्रीय स्तर की सीनियर, जूनियर प्रतियोगिताओं को आयोजित और नियत्रिंत करता है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं कराता है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया में भूमिका होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

