ऊना में 31 अगस्त तक चलेगा एचपीवी टीकाकरण अभियान, 14 से 15 वर्ष की 4500 बालिकाओं का लक्ष्य
ऊना, 06 अगस्त (हि.स.)। ऊना जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक आयुक्त विनय मोदी ने कहा कि 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य पूरा करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विनय मोदी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह टीकाकरण अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसके तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस टीके के महत्व की जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि ऊना जिले में 'मिशन 4500' के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 4500 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1097 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 25 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि अभियान में तेजी लाने के लिए शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक संस्थाएं और अन्य संबंधित विभाग मिलकर काम करें, जिससे सभी पात्र बालिकाओं तक समय पर पहुंचा जा सके।
सहायक आयुक्त ने कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और अपनी 14 से 15 वर्ष आयु की बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाएं। उनका कहना था कि लोगों तक सही और वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना अभियान की सफलता के लिए जरूरी है।
उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में टीकाकरण शिविर लगाने से पहले स्कूलों के नोडल अधिकारियों, संबंधित पंचायतों के प्रधान और उपप्रधानों के साथ बैठकें आयोजित की जाएं। इन बैठकों में विशेषज्ञ चिकित्सक अभिभावकों की शंकाओं का समाधान करें, जिससे कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
बैठक में सहायक आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों, रोटरी क्लब ऊना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। इससे पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक की प्रगति और की गई गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में अभियान की समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

